डेस्क:अब जल्द ही ChatGPT के जरिए भी पेमेंट करना संभव होगा। दरअसल, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने फिनटेक कंपनी रेजरपे और माइक्रोसॉफ्ट समर्थित ओपनएआई के साथ मिलकर ChatGPT पर एआई-संचालित पेमेंट सिस्टम शुरू करने की घोषणा की है। वर्तमान में पायलट प्रोग्राम के तहत यह पहल भारत के घरेलू यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) द्वारा संचालित ChatGPT के माध्यम से खरीदारी करने में सक्षम बनाएगी।
फिलहाल इस ट्रायल में एक्सिस बैंक और एयरटेल पेमेंट्स बैंक को बैंकिंग पार्टनर के रूप में शामिल किया गया है, जबकि टाटा ग्रुप की ई-कॉमर्स कंपनी बिगबास्केट पहला ऐसा प्लेटफॉर्म होगा, जहां ग्राहक ChatGPT के माध्यम से सीधे खरीदारी कर पाएंगे।
क्या कहा ओपनएआई अधिकारी ने?
ओपनएआई के इंटरनेशनल स्ट्रैटेजी निदेशक ओलिवर जे ने कहा-हम NPCI के साथ मिलकर यह जानने को लेकर उत्साहित हैं कि कैसे AI तकनीक को UPI के साथ जोड़कर सुरक्षित और सहज ई-कॉमर्स का एक नया दौर शुरू कर सकते हैं। यह पहल न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर कन्वर्सेशनल एआई और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी के मेल की दिशा में ऐतिहासिक साबित हो सकती है।
वियरेबल स्मार्ट ग्लास से पेमेंट
बता दें कि बीते कुछ दिनों में एनपीसीआई यूपीआई से जुड़े कई फीचर लॉन्च किए हैं। हाल ही में एनपीसीआई ने बताया कि भारत में वियरेबल स्मार्ट ग्लास के जरिये यूपीआई लाइट सुविधा से भुगतान किया जा सकता है। इसके लिए उपयोगकर्ता को केवल क्यूआर को स्कैन करना और वॉयस कमांड देना होगा। इस सुविधा के लिए न तो मोबाइल फोन की जरूरत होगी और न ही कोई पिन नंबर ही दर्ज करना पड़ेगा।
यूपीआई लाइट को खास तौर पर छोटे मूल्य के बार-बार किए जाने वाले भुगतान के लिए विकसित किया गया है और इसमें मुख्य बैंकिंग प्रणाली पर निर्भरता बहुत कम रहती है। एनपीसीआई ने बताया कि यह पहल वियरेबल परिवेश में यूपीआई का पहला विस्तार है और इसे ‘सहज, परिवेश भुगतान’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
