डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने के लिए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और बड़े निवेश प्रस्ताव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा जताया है कि दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। उन्होंने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
ऑकलैंड में आयोजित बिजनेस एंड स्पोर्ट्स एंगेजमेंट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता केवल नौ महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ है। यह समझौता दोनों देशों के लिए बाजार पहुंच, निवेश, सेवाओं और तकनीक के क्षेत्र में नए अवसर लेकर आएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हम मिलकर वर्ष 2030 तक भारत-न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने में सफल होंगे।”
उन्होंने न्यूजीलैंड की ओर से भारत में अगले 15 वर्षों में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता का भी स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह केवल निवेश का वादा नहीं है, बल्कि भारत की विकास यात्रा में साझेदारी का संकेत है।
रणनीतिक साझेदारी की दिशा में बड़ा कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते एक ऐतिहासिक मोड़ पर हैं। दोनों देशों ने अब अपने संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के ढांचे में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसे केवल कूटनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि साझा भविष्य के लिए नई प्रतिबद्धता बताया।
इस अवसर पर भारत और न्यूजीलैंड ने ‘इंडिया-न्यूजीलैंड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप: रोडमैप टू 2030’ को भी अपनाया। इस रोडमैप के तहत अगले चार वर्षों में व्यापार, कृषि, सुरक्षा, नवाचार और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने की योजना बनाई गई है।
व्यापार बढ़ाने पर दोनों देशों की सहमति
दोनों देशों के संयुक्त बयान के अनुसार, भारत और न्यूजीलैंड ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है। इसके साथ ही वर्ष 2030 तक वस्तुओं और सेवाओं के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 7 अरब न्यूजीलैंड डॉलर (करीब 35 हजार करोड़ रुपये) तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है।
दोनों देशों ने मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू करने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगे की प्रक्रिया तेज करने पर भी सहमति जताई है।
40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10-11 जुलाई को न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर हैं। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हुई यह यात्रा करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में कहा कि वे भारत के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और विकास की संभावनाओं का संदेश लेकर न्यूजीलैंड आए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के कारोबारी समुदाय की नवाचार क्षमता और उद्यमशीलता की भी सराहना की।
स्रोत: प्रधानमंत्री कार्यालय एवं भारत-न्यूजीलैंड संयुक्त वक्तव्य













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत