डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा को वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। शनिवार को ऑकलैंड में दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान लक्सन ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) स्थापित करने की घोषणा की।
लक्सन ने कहा कि हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बाद दोनों देशों के संबंधों को और व्यापक बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच सहयोग अब केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों देश नए क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाएंगे।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा, “कम समय में व्यापार के क्षेत्र में हमने काफी प्रगति की है, लेकिन आज की बातचीत केवल एफटीए तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य इस रिश्ते को और मजबूत बनाना तथा सहयोग के नए आयाम तलाशना है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। लक्सन ने पिछले वर्ष अपनी भारत यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तिगत रूप से संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि भारत यात्रा के दौरान उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को जो गर्मजोशी और सम्मान मिला, वह दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाता है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के प्रमुख कारोबारी और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जो दोनों देशों के बीच मजबूत जन-जन के संबंधों को दर्शाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को ऑकलैंड पहुंचे थे, जहां न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई। यह यात्रा प्रधानमंत्री लक्सन के निमंत्रण पर हो रही है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देगी। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात 17 मार्च 2025 को नई दिल्ली में हुई थी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत