नई दिल्ली।भारतीय महिला टीम ने महिला एशिया कप टी20 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 10 विकेट से रौंद दिया है। शुक्रवार को दांबुला में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 80 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को बिना विकेट गंवाए 11 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। स्मृति मंधाना 39 गेंद में 55 रन और शेफाली वर्मा 26 रन बनाकर नाबाद रहीं। मंधाना ने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया, जबकि शेफाली ने दो चौके लगाए।
इस जीत के साथ भारतीय टीम नौवीं बार महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। महिला एशिया कप की शुरुआत 2004 में हुई थी और टीम इंडिया तब चैंपियन बनी थी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम आठवां एशिया कप खिताब जीतने के मिशन पर है। उसने चार खिताब वनडे फॉर्मेट में और तीन खिताब टी20 फॉर्मेट में जीते हैं। 2008 तक यह टूर्नामेंट वनडे प्रारूप में खेला गया। वहीं, 2012 से यह टी20 प्रारूप में खेला जा रहा है। यह नौवां संस्करण है और भारत सात बार (2004, 2005, 2006, 2008, 2012, 2016, 2022) खिताब जीत चुका है। बांग्लादेश (2018) महिला एशिया कप का खिताब जीतने वाली एकमात्र अन्य टीम है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
