गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम में भाषा और क्षेत्रीय लहजे को लेकर हुए विवाद के बाद बिहार के एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने युवक को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बिहार के भोजपुर जिले के निवासी आदित्य राज पाण्डेय गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र में किराये पर रहते हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 मई की रात वह अपने एक मित्र के बुलावे पर उसके कमरे पर गए थे, जहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
आरोप है कि बातचीत के दौरान दो युवकों ने उनकी भाषा और बोलने के तरीके को लेकर टिप्पणी करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों युवकों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में आदित्य के सिर, चेहरे और आंखों पर चोटें आईं।
शिकायत के अनुसार, मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए थे।
डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत