डेस्क:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बिहार के दोनों प्रमुख गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के दलों के बीच शुक्रवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। बैठकें पटना से लेकर दिल्ली तक होती रही। नामांकन शुरू होने के बाद भी सीटों की साझेदारी नहीं होने को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। हालांकि दोनों गठबंधन के वरीय नेता सार्वजनिक तौर पर यह कहते रहे कि हमारे बीच सहमति बन गई है। आज-कल में औपचारिक एलान हो जाएगा। मगर घोषणा होने तक किस दल के खाते में कितनी सीटें आएंगी, इस पर संशय बरकरार है।
एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर जदयू और भाजपा के वरीय नेताओं की बैठक हुई। भाजपा और जदयू के बीच सीटों के तालमेल को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर दोपहर में बैठक हुई। 45 मिनट तक चली इस बैठक में दोनों ही पार्टियों द्वारा लड़ी जाने वाली सीटों पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा की ओर से बिहार चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल उपस्थित रहे।
वहीं, जदयू के नेताओं में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधान पार्षद ललन सर्राफ मौजूद थे। बैठक में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनने की खबर छनकर आई। देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से दोबारा मिलने उनके आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लगभग घंटे भर बातचीत हुई।
चिराग पासवान को भाजपा ने मनाया
दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय शुक्रवार को एक बार फिर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान से मिलने पहुंचे। बीते दो दिनों के अंदर चौथी बार चिराग और नित्यानंद के बीच मुलाकात हो चुकी है। इस मुलाकात के बाद चिराग के तेवर में नरमी दिखी। प्रसन्न नजर आए चिराग ने मीडिया से कहा कि सब कुछ सकारात्मक तरीके से चल रहा है। सीटों के साथ उम्मीदवारों और चुनावी सभाओं पर भी बातें चल रही हैं ताकि बाद में कोई दिक्कत नहीं हो। जल्द ही सब कुछ सामने होगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
