डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देशवासियों को आश्वस्त किया कि भारत 31 मार्च तक माओवादी गतिविधियों से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल “तिरुपति से पशुपति तक लाल गलियारा बनाने का सपना देखने वालों” को पराजित करेंगे।
शाह ने यह बात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 57वें स्थापना दिवस समारोह में कही। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ देश के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करके राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना हमारी बड़ी उपलब्धि होगी। हमारी सेनाएं अपेक्षाओं पर खरी उतरी हैं और देश अब लाल विद्रोहियों का सफाया करने के कगार पर है,” शाह ने जोर देते हुए कहा।
छत्तीसगढ़ में बड़ी सफलता: पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली राजेश पुनेम मारा गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि पुनेम बीजापुर जिले के बुरजी गांव का निवासी था और माओवादी संगठन की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सदस्य था।
मुठभेड़ गीदम थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में बुधवार रात हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड और बस्तर फाइटर्स का संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था। सुरक्षाबलों को पहले ही 3 मार्च को उक्त क्षेत्र में नक्सली सामग्री और हथियार छिपाए जाने की सूचना मिली थी।
ओडिशा के दो जिलों को नक्सल-मुक्त घोषित
ओडिशा पुलिस ने बलांगीर और बरगढ़ जिलों को नक्सल प्रभाव से मुक्त घोषित किया है। पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि बरगढ़ से सटे महासमुंद जिले के 15 माओवादी भी आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन में सक्रिय थे। उनके मुख्यधारा में लौटने के साथ ही इन जिलों में नक्सली गतिविधियों के पूरी तरह समाप्त होने की पुष्टि की गई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
