डेस्क : मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टोंककला स्थित पटाखा निर्माण इकाई में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया और लगातार तेज धमाके होने लगे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री का मलबा दूर तक जा गिरा तथा आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर आग और धुएं के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचे। लगातार हो रहे धमाकों के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने अस्पतालों में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार कुछ घायल गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और बारूद रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि किसी तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में कार्यरत कई मजदूर बाहरी राज्यों से आए हुए थे। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
