धनबाद : जिले के मुनीडीह स्थित कोल वाशरी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां कोयले की स्लरी में दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर कोयले की स्लरी को ट्रकों में लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लरी का ढेर भरभराकर गिर पड़ा और वहां काम कर रहे कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन और प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चार मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान माणिक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और हेमलाल गोप के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में कुछ अन्य मजदूर भी फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा मानकों में कमी को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
