स्पोर्ट्स डेस्क :भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली भले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन वनडे फॉर्मेट में उनका दबदबा अब भी बरकरार है। रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे में कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास का परिचय दिया। इंदौर में 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 108 गेंदों पर 124 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का 54वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 85वां शतक रहा।
हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका, जिसके चलते भारत को 41 रनों से हार झेलनी पड़ी। बावजूद इसके, कोहली की इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब भी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ हैं। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी कोहली की जमकर सराहना करते हुए उनके करियर की निरंतरता को रेखांकित किया।
‘दशक बदले, लेकिन सर्वश्रेष्ठ वही’
इरफान पठान ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि विराट कोहली की महानता समय के साथ और भी स्पष्ट होती गई है। उन्होंने कहा, “2013 में जब यह सवाल उठता था कि टीम इंडिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ कौन है, तो जवाब विराट कोहली होता था। 2016 में भी यही नाम लिया जाता था और आज, दस साल बाद भी वही स्थिति है। वक्त बदला, साल बदले, लेकिन कोहली आज भी वनडे टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ हैं।”
इरफान ने आगे कहा कि कोहली ने हर दौर में अपनी उपयोगिता साबित की है—चाहे एमएस धोनी की कप्तानी हो, खुद उनकी या रोहित शर्मा की अगुवाई, और अब युवा शुभमन गिल की कप्तानी में भी वह लगातार रन बना रहे हैं।
‘फिटनेस और भूख आज भी वैसी ही’
कोहली की फिटनेस पर बात करते हुए इरफान पठान ने कहा कि मैदान पर उनकी चुस्ती-फुर्ती देखकर यह महसूस ही नहीं होता कि उम्र उनके लिए कोई बाधा है। “जब आप उन्हें दौड़ते हुए देखते हैं तो लगता है कि उनकी फिटनेस में रत्ती भर भी गिरावट नहीं आई है। बल्कि वह और बेहतर नज़र आते हैं। उन्हें पता है कि अब उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिलता, फिर भी वह हर दिन खुद को उसी समर्पण के साथ तैयार करते हैं। वह जैसे ‘रिपीट मोड’ में रन बना रहे हों।”
इरफान ने यह भी कहा कि कोहली ने समय के साथ अपने खेल में जो बदलाव किए हैं, वह देखने लायक हैं। हालांकि इस बार उनकी शानदार पारी टीम की हार के साथ आई, जो आमतौर पर कम ही देखने को मिलता है।
गौरतलब है कि विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने 559 मैचों में 28,215 रन बनाए हैं, जबकि इस सूची में शीर्ष पर महान सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 664 मैचों में 34,357 रन दर्ज हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

