गुरुग्राम:दिल्ली में शराब पर 25 फीसदी तक की छूट का सीधा असर गुरुग्राम के कारोबारियों पर पड़ा है। दिल्ली में जारी छूट के कारण गुरुग्राम में 60 फीसदी शराब बिक्री प्रभावित हो गई है। इससे हरियाणा के आबकारी विभाग के अधिकारियों और शराब कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली में छूट का सीधा असर आबकारी विभाग की सालाना आय पर पड़ेगा।
दूसरी ओर, करोड़ों रुपयों में शराब की दुकान लेने वाले गुरुग्राम के कारोबारी नुकसान से बचने के लिए सस्ती दरों पर शराब बेच रहे हैं। जबकि नियम के अनुसार तय रेट से कम दामों में शराब नहीं बेची जा सकती। बता दें कि दिल्ली में शनिवार से शराब पर 25 फीसदी छूट का ऑफर दिया जा रहा है। इससे पहले दिल्ली सरकार ने इसी साल 28 फरवरी को शराब की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ के चलते छूट ऑफर पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब एक बार फिर शराब पर छूट शुरू करने से दिल्ली के लोग गुरुग्राम में शराब खरीदने के लिए नहीं आ रहे हैं। इस कारण गुरुग्राम में शराब का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बिना मुनाफे के बेच रहे हैं शराब
गुरुग्राम में एक स्टोर मालिक ने बताया कि उन्हें दिल्ली की दुकानों पर छूट के बोर्ड देखकर ग्राहकों के कॉल और मैसेज आ रहे हैं। दिल्ली में छूट पर प्रतिबंध लगाने के बाद उन्होंने भी मार्च से छूट पर रोक लगा दी थी, लेकिन जब से दिल्ली ने फिर से छूट की पेशकश दी जा रही है तो मजबूरन उन्हें भी दाम घटाने पड़ रहे हैं। अब ग्राहकों को लुभाने के लिए बिना मुनाफे के ही शराब देनी पड़ रही है। अगर स्टॉक नहीं लिया तो आबकारी विभाग की तरफ से लाखों रुपयों की पैनल्टी लगा दी जाएगी। स्टॉक निकालने के लिए बिना मुनाफा ही बेच रहे हैं।
एल-1 का बैनर लगाकर लुभा रहे ग्राहकों को
दिल्ली में शराब पर छूट मिलने के बाद भारी दिक्कतों से गुजर रहे शराब कारोबारी ठेकों के बाहर एल-1 के बोर्ड या बैनर लगा कर ग्राहकों को लुभा रहे हैं। जबकि, नियमानुसार ठेकों के बाहर इस तरह से बैनर लगाने की अनुमति नहीं होती है। जहां एल-1 होता है उसी जगह पर यह बोर्ड लगाए जा सकते हैं। ऐसे में विभाग की तरफ से इन पर भी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है।
गुरुग्राम आबकारी विभाग के आयुक्त डॉ. अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि दिल्ली में शराब पर छूट से गुरुग्राम में करीब 60 फीसदी कारोबार प्रभावित हो रहा है। गुरुग्राम में किसी तरह की छूट ठेकेदार नहीं दे सकते हैं। तय दामों के हिसाब से ही ठेकेदार शराब बेच सकते हैं। दुकानों के बाहर एल-1 के बोर्ड लगाना गलत है ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

