डेस्क : भारतीय प्रवासी कांग्रेस के प्रमुख और वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने हाल ही में एक बयान देकर कांग्रेस पार्टी के लिए राजनीतिक मुश्किलें पैदा कर दी हैं। पित्रोदा ने दावा किया कि भारत ने युवाओं की बड़ी फौज तैयार की है, लेकिन यह युवाओं की प्रतिभा भारत के लिए नहीं बल्कि विदेशों की सेवा में इस्तेमाल हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 1.5 अरब की आबादी वाले देश के लिए यह शर्म की बात है कि भारत ने अपना खुद का ऑपरेटिंग सिस्टम तक विकसित नहीं किया।
यूट्यूब चैनल को दिए गए इंटरव्यू में पित्रोदा ने कहा कि भारत ने शिक्षा संस्थाओं के माध्यम से युवा प्रतिभा का बड़ा आधार तैयार किया है, लेकिन नई दिल्ली इस प्रतिभा का उपयोग नई खोजों और नवाचार में करने में असमर्थ रही है। उन्होंने कहा, “हमने बहुत सारी युवा प्रतिभा का निर्माण किया है, लेकिन यह अपरिपक्व है। इस प्रतिभा ने भारत का नहीं बल्कि दुनिया की बहुराष्ट्रीय कंपनियों का विकास किया। इस प्रतिभा का इस्तेमाल प्रोग्रामिंग, कानून, उद्योग, लॉजिस्टिक्स, इनोवेशन और बैंकिंग में हुआ, लेकिन भारत में वैश्विक स्तर के उत्पाद बनाने में इसका लाभ नहीं लिया गया।”
पित्रोदा ने कहा, “भारत ने अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या माइक्रोसॉफ्ट जैसी कोई बड़ी टेक कंपनी तैयार नहीं की। हमने मोबाइल फोन के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम तक नहीं बनाया। हमने अपनी युवा प्रतिभा का उपयोग दूसरों की सेवा में किया है।”
सत्ताधारी भाजपा ने पित्रोदा के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस के ‘टॉपलेस एक्ट’ और सैम पित्रोदा के बयानों के माध्यम से भारत का मजाक उड़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लिखा, “एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन और अब सैम पित्रोदा का बयान स्पष्ट करता है कि कांग्रेस का एकमात्र मिशन भारत को बदनाम करना है। अंकल सैम झूठ बोलकर भारत का मजाक उड़ा रहे हैं।”
भाजपा ने पित्रोदा के दावे का खंडन करते हुए भारत में विकसित ऑपरेटिंग सिस्टम जैसे बॉस लिनक्स, माया ओएस, प्राइमओएस, भारओएस, इंडस ओएस और एनएक्सटीक्वांटम ओएस का उदाहरण पेश किया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

