डेस्क : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के पोर्टल के उन्नयन का सोमवार अंतिम दिन है। दावों के निस्तारण और डिजिटल सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 26 जून से शुरू की गई तकनीकी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके बाद एक जुलाई से पीएफ से जुड़ी अधिकांश ऑनलाइन सेवाएं दोबारा शुरू होने की संभावना है।
ईपीएफओ के अनुसार, पोर्टल अपग्रेड के दौरान नए पीएफ दावों का ऑनलाइन पंजीकरण और दावों की प्रोसेसिंग अस्थायी रूप से बंद रही। इस अवधि में सदस्य नए क्लेम दाखिल नहीं कर सके, जबकि पहले से जमा दावों के निस्तारण पर भी अस्थायी रोक लगी रही। संगठन ने स्पष्ट किया है कि अपग्रेड पूरा होने के बाद लंबित दावों की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी जाएगी।
यह तकनीकी उन्नयन ईपीएफओ की डिजिटल सेवाओं को अधिक आधुनिक और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके तहत डेटाबेस का एकीकरण और क्लेम प्रोसेसिंग प्रणाली को बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में दावों के निपटारे में कम समय लगेगा और सदस्यों को बेहतर ऑनलाइन अनुभव मिलेगा।
ईपीएफओ ने सदस्यों से अपील की है कि सेवाएं पूरी तरह बहाल होने तक धैर्य बनाए रखें। संगठन का कहना है कि अपग्रेड प्रक्रिया पूरी होने के बाद सदस्य पहले की तरह ऑनलाइन क्लेम दाखिल करने, उनकी स्थिति देखने और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत