डेस्क : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास ईरानी नौसेना के फ्रिगेट आईआरआईआईएस डेना पर कथित पनडुब्बी हमले के बाद जहाज डूब गया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में कम से कम 101 लोग लापता हैं और 78 घायल हुए हैं, जिनमें से 32 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार यह मौदगे क्लास का फ्रिगेट था, जो हाल ही में भारत के विशाखापत्तनम में आयोजित मिलान 2026 बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा लेने के बाद ईरान लौट रहा था।
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेरथ ने संसद को बताया कि सुबह जहाज से संकट संदेश मिलने के बाद श्रीलंका नौसेना और वायुसेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 32 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें गाले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
श्रीलंका नौसेना के अनुसार, जहाज पर कुल 180 लोग सवार थे। बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष से जोड़ा जा रहा है।
याद रहे कि युद्ध के पांचवें दिन अमेरिका और इजरायल ने तेहरान समेत कई शहरों पर हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में ईरान ने इजरायल और क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की श्रृंखला शुरू की थी। इस घटना ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

