डेस्क: भारतीय थिएटर और सिनेमा जगत के प्रतिष्ठित अभिनेता विजय कृष्णा ने आज बुधवार को अंतिम सांस ली। 81 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे विजय कृष्णा की मौत से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ में शाहरुख खान के पिता नारायण का किरदार निभाया था।
लिलिट दुबे और अनुपम खेर ने जताया शोक
विजय कृष्णा के निधन पर उनकी पुरानी सहकर्मी और दिग्गज अभिनेत्री लिलिट दुबे ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया, “मेरा दिल टूट गया है… हमारे प्यारे विजय कृष्णा अब हमारे बीच नहीं रहे। वह पिछले 25 सालों से हमारी थिएटर फैमिली और नाटक ‘डांस लाइक अ मैन’ का अहम हिस्सा थे। वह एक शानदार अभिनेता और बेहद हाजिरजवाब इंसान थे।”
सीनियर अभिनेता अनुपम खेर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “ओम शांति।”
थिएटर और फिल्मों में अमिट छाप
विजय कृष्णा ने बड़े पर्दे पर कदम रखने से पहले ही भारतीय थिएटर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने महेश दत्तानी के मशहूर नाटक ‘डांस लाइक अ मैन’ में 25 साल से अधिक समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिनेमा में उनकी यादगार भूमिकाओं में ‘देवदास’, ‘गुजारिश’, ‘पीके’ और विश्व प्रसिद्ध फिल्म ‘गांधी’ शामिल हैं।
कला और व्यवसाय में अनूठा उदाहरण
विजय कृष्णा केवल अभिनय तक ही सीमित नहीं थे। उन्होंने व्यवसाय की दुनिया में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोदरेज परिवार से जुड़कर गोदरेज इंडस्ट्रीज में कई लीडरशिप पदों पर काम किया। बढ़ती उम्र के चलते उन्होंने 2021 में बोर्ड से इस्तीफा दे दिया।
वह अपनी पत्नी स्मिता कृष्णा-गोदरेज और दो बेटियों नायिका और फ्रेयन के साथ-साथ कला और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता का उदाहरण छोड़ गए।
विजय कृष्णा का जीवन यह साबित करता है कि एक इंसान कला और व्यवसाय, दोनों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

