नई दिल्ली:रेलवे में लैंड फॉर जॉब मामले में बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने तेजस्वी के दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की है। इसके अलावा आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कई करीबियों के ठिकानों पर दिल्ली और पटना में छापेमारी की जा रही है। आरजेडी के पूर्व विधायक अबू दोजाना के पटना स्थित आवास पर केंद्रीय एजेंसियां पहुंची हैं।
ईडी ने पटना, रांची, दिल्ली-एनसीआर के 15 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। यह कार्रवाई रेलवे में कथित जमीन के बदले नौकरी देने के घोटाले में हुई है। इस केस में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी समेत कई अन्य आरोपी हैं। दो दिन पहले ही सीबीआई ने इस केस में लालू यादव और राबड़ी से पूछताछ की थी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक ईडी ने इस केस में अब बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर भी शिकंजा कसा है। उनके दिल्ली में फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित आवास पर भी रेड मारी गई है। ईडी की टीम घर की तलाशी ले रही है।
15 से ज्यादा ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
बताया जा रहा है कि लैंड फॉर जॉब मामले में ईडी की टीम ने शुक्रवार को एक साथ अलग-अलग शहरों में 15 से ज्यादा ठिकानों पर दबिश दी है। पटना के अलावा रांची और एनसीआर में विभिन्न जगहों पर लालू यादव के रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर छापा मारा गया है। हालांकि अभी तक इस मामले में जांच टीमों की ओर से कोई भी जानकारी नहीं दी गई है।
पूर्व आरजेडी विधायक के घर भी रेड
पटना में केंद्रीय एजेंसियों ने आरजेडी से पूर्व विधायक अबू दोजाना के घर पर भी सर्च अभियान चलाया है। दोजाना और उनका परिवार भी घर के अंदर मौजूद है। उनका भी लैंड फॉर जॉब मामले में नाम आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा इनकम टैक्स विभाग की टीम द्वारा भी उनके खिलाफ दबिश दिए जाने की खबर है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

