स्पोर्ट्स डेस्क: हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (एमआई) आईपीएल 2026 में खिताबी जीत की तलाश में मैदान में उतर रही है। टीम का लक्ष्य पिछले पांच सालों से चले आ रहे ट्रॉफी के सूखे को खत्म करना और लीग के इतिहास में सबसे सफल फ्रेंचाइजी बनने का है। जियो स्टार के विशेषज्ञ हरभजन सिंह और आकाश चोपड़ा ने हार्दिक पांड्या को टीम की अगुवाई में और सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने एमआई की ओपनिंग जोड़ी, विदेशी खिलाड़ियों के चयन और जसप्रीत बुमराह की जिम्मेदारियों पर भी खुलकर चर्चा की।
हरभजन सिंह ने कहा, “हार्दिक को अपना असली खेल दिखाना होगा। जब वह न केवल बल्लेबाजी बल्कि गेंदबाजी में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे, तो टीम पर सकारात्मक असर पड़ेगा। टी20 वर्ल्ड कप में हमने उनका शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन देखा है। अगर हार्दिक और उनकी टीम पहले दिन से यह मान लें कि वे सिर्फ मैच खेलने नहीं, बल्कि छठी बार ट्रॉफी जीतने उतरे हैं, तो एमआई के हालात तेजी से बदल सकते हैं।”
ओपनिंग जोड़ी को लेकर पूछे गए सवाल पर हरभजन ने कहा कि रयान रिकल्टन और क्विंटन डी कॉक दोनों एक साथ प्लेइंग इलेवन में नहीं खेलेंगे। “एमआई के पास रोहित शर्मा पहले ओपनर होंगे। दूसरे छोर पर या तो रिकल्टन या डी कॉक खेलेंगे। तीसरे और चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा बल्लेबाजी करेंगे। इसलिए दोनों को एक साथ खेलते देखना मुश्किल है।”
आकाश चोपड़ा ने विदेशी खिलाड़ियों के चयन में आ रही चुनौतियों पर कहा, “एमआई को लेफ्ट-राइट हेंडेड ओपनिंग पसंद है। रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक के साथ पारी की शुरुआत की संभावना है। फिर सबसे बड़ी चुनौती विल जैक्स को टीम में फिट करना है, क्योंकि शेरफेन रदरफोर्ड भी मौजूद हैं। रदरफोर्ड निचले क्रम में बल्लेबाजी और गेंदबाजी विकल्प देता है, वहीं विल जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए यही काम किया।”
आकाश ने तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह पर निर्भरता के बारे में कहा, “जसप्रीत बुमराह हर मैच में अपना असर डालते हैं। पावरप्ले, मिडल ओवर और डेथ ओवर—उनके चार ओवर एमआई के लिए सबसे कीमती हैं। ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर फिट हैं, तो नई गेंद उनसे स्विंग करवाई जाएगी। शार्दुल ठाकुर चाहर का विकल्प हैं, लेकिन अगर चाहर फिट हैं, तो वह पहले खेलेंगे। बुमराह, हार्दिक पांड्या, बोल्ट और चाहर—ये चारों शुरुआती तेज गेंदबाज होंगे। कॉर्बिन बॉश भी मौके का इंतजार कर रहे हैं। टीम को सभी विदेशी खिलाड़ियों को एक साथ नहीं उतारना होगा, इसलिए चयन एक चुनौती है।”
इस तरह, मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 अभियान न सिर्फ हार्दिक पांड्या की कप्तानी बल्कि रणनीतिक चयन और विदेशी खिलाड़ियों की भूमिका पर भी निर्भर करेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

