स्पोर्ट्स डेस्क: भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने ‘करो या मरो’ मुकाबले में जिम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 72 रन से पराजित कर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखा। एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। हालांकि टीम को जीत नहीं मिली, लेकिन ओपनर ब्रायन बेनेट ने शानदार संघर्ष किया। उन्होंने 59 गेंदों में आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। तदिवानाशे मारुमानी ने 20, कप्तान सिकंदर रजा ने 30 और टोनी मुनयोंगा ने 11 रन जोड़े। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन (15 गेंदों में 26) और अभिषेक शर्मा (30 गेंदों में 55) ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। हालिया मैचों में संघर्ष कर रहे अभिषेक ने चार चौके और चार छक्के जड़कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने ईशान किशन (24 गेंदों में 38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों में 33 रन की तूफानी पारी खेली। 15वें ओवर में उनके आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को नई ऊंचाई दी। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की नाबाद साझेदारी की। हार्दिक ने 23 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए, जबकि तिलक ने 14 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों के साथ नाबाद 44 रन जोड़े।
जिम्बाब्वे के लिए टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और सिकंदर रजा को एक-एक विकेट मिला।
अब भारत का अगला और निर्णायक सुपर-8 मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ कोलकाता में होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल में जगह बना लेगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

