गुवाहाटी:उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को कहा कि संविधान के निर्माताओं की परिकल्पना के अनुरूप समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 44 में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि राज्य देशभर में अपने नागरिकों के लिए यूसीसी लागू करने का प्रयास करेगा। धनखड़ ने कहा, ‘‘यह संविधान के निर्माताओं की सोच थी। इसे लागू करने का वक्त आ गया है । कोई बाधा या और विलंब नहीं हो सकता।’’ उपराष्ट्रपति भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी के 25वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उपराष्ट्रपति धनखड़ और उनकी पत्नी ने कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना
इससे पहले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ ने मंगलवार को यहां के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। आईआईटी गुवाहाटी के 25वें दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए असम के एक दिवसीय दौरे पर आए धनखड़ का लोकोप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने स्वागत किया।
गुवाहटी पहुचने के तुरंत बाद, धनखड़ और उनकी पत्नी देवी की पूजा करने के लिए नीलाचल पहाड़ियों के ऊपर स्थित कामाख्या मंदिर गए। मंदिर में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, पर्यटन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ, पुजारियों और मंदिर के अधिकारियों ने दोनों का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी ने गर्भगृह में पूजा के लिए जाने से पहले मंदिर के सौभाग्य कुंड (तालाब) में प्रार्थना की और मंदिर की परिक्रमा भी की।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

