डेस्क : कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टंबलर रिज कस्बे में स्थित एक स्कूल में हुई गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमलावर भी मृत पाया गया है। उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने बताया कि घटनास्थल से एक संदिग्ध का शव बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस हमले में कोई और व्यक्ति शामिल था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने टंबलर रिज के निवासियों से घरों के भीतर रहने की अपील की है। करीब 2,400 की आबादी वाले इस छोटे कस्बे में आसपास के इलाकों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
‘पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट’ ने जानकारी दी कि टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टंबलर रिज एलीमेंट्री स्कूल दोनों में तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इसका अर्थ है कि स्कूल परिसर में किसी को प्रवेश या निकास की अनुमति नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच में जुटी हैं।
क्षेत्र के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि आरसीएमपी, एंबुलेंस सेवाएं और अन्य आपात संसाधन मौके पर भेजे गए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
टंबलर रिज, अल्बर्टा की सीमा के निकट स्थित एक छोटा कस्बा है, जो वैंकूवर से लगभग 1,000 किलोमीटर उत्तर में पड़ता है। प्रांतीय सरकार की वेबसाइट के अनुसार, टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा सात से 12 तक करीब 175 छात्र अध्ययनरत हैं। कनाडा में स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं अपेक्षाकृत दुर्लभ मानी जाती हैं, ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

