स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में एक बार फिर अपनी क्लास साबित की। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कोहली ने दबाव भरे हालात में शानदार शतकीय पारी खेलते हुए टीम इंडिया को मजबूती दी।
338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 108 गेंदों पर 124 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। यह कोहली के वनडे करियर का 54वां शतक था, जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने अपना 85वां शतक जड़ा। इस पारी के साथ ही उन्होंने महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
दरअसल, विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। कीवी टीम के खिलाफ यह उनका 10वां शतक रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर, इंग्लैंड के जो रूट और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस के नाम था, जिन्होंने न्यूजीलैंड के विरुद्ध 9-9 शतक लगाए थे। गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर अब भी 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं, जबकि कोहली इस सूची में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
37 वर्षीय कोहली ने इस मैच में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह वनडे क्रिकेट में 300 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए 10 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 37 पारियों में किया। इस सूची में दूसरे स्थान पर जो रूट हैं, जिन्होंने 27 पारियों में 6 शतक लगाए हैं। वहीं जेसन रॉय ने 22 पारियों में 5 और रोहित शर्मा ने 37 पारियों में 5 शतक लगाए हैं।
विराट कोहली की यह पारी न सिर्फ रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गई, बल्कि एक बार फिर साबित कर गई कि बड़े मुकाबलों में वह आज भी भारतीय क्रिकेट की सबसे मजबूत रीढ़ हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

