स्पोर्ट्स डेस्क : भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1–2 से हार का सामना करना पड़ा। रविवार को इंदौर में खेले गए निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम ने 338 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में टीम इंडिया 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई। विराट कोहली की 108 गेंदों में 124 रन की शानदार शतकीय पारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी। यह पहली बार है जब न्यूजीलैंड ने भारतीय सरजमीं पर वनडे सीरीज अपने नाम की।
आइए जानते हैं, इंदौर वनडे में भारत की हार के प्रमुख कारण कौन रहे—
रोहित शर्मा से नहीं मिली ठोस शुरुआत
बड़े लक्ष्य के सामने कप्तान रोहित शर्मा से आक्रामक और लंबी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह एक बार फिर नाकाम रहे। ‘हिटमैन’ सिर्फ 13 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए। जकारी फाउल्केस ने चौथे ओवर में उन्हें पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ फॉर्म में दिखे रोहित न्यूजीलैंड सीरीज में लय बरकरार नहीं रख सके और तीन मैचों में केवल 61 रन ही बना पाए।
शुभमन गिल की पारी भी रही छोटी
कप्तान शुभमन गिल भी बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। पिछले दो मुकाबलों में अर्धशतक जड़ने वाले गिल इंदौर में सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए, लेकिन सातवें ओवर में काइल जैमीसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। रोहित के साथ उनकी ओपनिंग साझेदारी 28 रन तक ही सीमित रही।
श्रेयस अय्यर का बल्ला फिर खामोश
उपकप्तान श्रेयस अय्यर से मध्यक्रम को संभालने की उम्मीद थी, लेकिन वह एक बार फिर विफल रहे। अय्यर ने 10 गेंदों में महज 3 रन बनाए और 12वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क का शिकार बने। इससे पहले राजकोट वनडे में भी वह सिर्फ 8 रन ही बना सके थे। हालांकि, पहले मैच में उन्होंने 49 रन की पारी खेली थी।
रवींद्र जडेजा नहीं निभा सके जिम्मेदारी
जब भारत ने 159 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, तब अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से पारी को संभालने की उम्मीद थी। लेकिन जडेजा 16 गेंदों में केवल 12 रन बनाकर आउट हो गए। 33वें ओवर में जेडन लेनोक्स ने उन्हें चलता किया। जडेजा का जल्दी आउट होना टीम इंडिया पर भारी पड़ा। पूरी सीरीज में वह न तो गेंद से और न ही बल्ले से प्रभाव छोड़ सके। तीन मैचों में वह एक भी विकेट लेने में नाकाम रहे।
कुलदीप यादव भी असरदार साबित नहीं हुए
कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव से मिडिल ओवर्स में विकेट की उम्मीद थी, लेकिन वह न्यूजीलैंड बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके। इंदौर वनडे में उन्होंने छह ओवर में 48 रन लुटाए और केवल एक विकेट मिला। पूरी सीरीज में कुलदीप सिर्फ तीन विकेट ही निकाल पाए, जिससे भारतीय गेंदबाजी को वह धार नहीं मिल सकी, जिसकी जरूरत थी।
कुल मिलाकर, विराट कोहली की शानदार पारी के बावजूद शीर्ष और मध्यक्रम की नाकामी के साथ-साथ गेंदबाजों की फीकी प्रदर्शन ने भारत को इंदौर में हार और सीरीज गंवाने पर मजबूर कर दिया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

