डेस्क : पाकिस्तान के लाहौर में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष नेता और सह-संस्थापक आमिर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शहर के एक न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर हुई, जब हमजा वहां मौजूद था।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। हमजा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
आमिर हमजा को लश्कर-ए-तैयबा का वैचारिक चेहरा और संगठन के फंड जुटाने व प्रचार तंत्र का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। वह लंबे समय से हाफिज सईद का करीबी सहयोगी रहा है और संगठन की विचारधारा तथा भर्ती नेटवर्क से जुड़ा अहम नाम रहा है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान में हाल के महीनों में कई आतंकी संगठनों से जुड़े शीर्ष कमांडरों और नेताओं पर अज्ञात हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले की जांच में जुट गई हैं, हालांकि अभी तक किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

