भोपाल:मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में बड़ी वृद्धि को मंजूरी दी है। मंगलवार को कैबिनेट ने वेतन वृद्धि पर मुहर लगाई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3,000 रुपए की मासिक वृद्धि की गई है। अब उन्हें हर महीने 13,000 रुपये मानदेय मिलेगा। इसी तरह आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानेदय में 750 रुपए की बढ़ोतरी के बाद उन्हें अब 5,750 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
कैबिनेट बैठक के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सरकार के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने यह भी फैसला किया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिवर्ष 1,000 रुपए और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में प्रतिवर्ष 500 रुपए की वृद्धि की जाएगी। हर साल ऑटोमैटिक ही वेतन में वृद्धि हो जाएगी।
रिटायरमेंट के बाद मिलेगा पैसा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि रिटायरमेंट पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1.25 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। इसी तरह आंगनबाड़ी सहायिकाओं को रिटायरमेंट पर एक लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
और क्या लिए गए फैसले
-शिवराज कैबिनेट ने प्रदेश में 10 नए शासकीय कॉलेज खोलने, पूर्व से संचालित 4 शासकीय कॉलेजों में नए संकाय और 7 शासकीय कॉलेजों में स्नातकोत्तर स्तर पर नए विषय शुरू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
-मध्य प्रदेश में पाल-गडरिया-धनगर वर्ग के समग्र कल्याण के लिए मां अहिल्या कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। सरकार का कहना है कि नवीन बोर्ड के गठन से पाल-गडरिया-धनगर वर्ग के व्यक्तियों के लिए शासन की कल्याणकारी/जनहितकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। साथ ही इस वर्ग के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को भी गति प्राप्त हो सकेगी।
-कैबिनेट ने कुड़मी जाति को सूची क्रमांक 76 से विलोपित कर सूची क्रमांक 39 में कुर्मी, कुरमी के साथ ही शामिल किए जाने का निर्णय लिया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस निर्णय से इस वर्ग को जाति प्रमाण पत्र में आ रही समस्याओं के समाधान के साथ-साथ राज्य शासन द्वारा पिछड़ा वर्ग को प्रदाय किए जा रहे लाभ प्राप्त करने हेतु समान एवं समुचित अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

