इंफाल। मणिपुर में दंगों को हुए एक साल से अधिक का वक्त हो गया है लेकिन, अभी तक पूर्वोत्तर राज्य में हालात सामान्य नहीं हुए हैं। राहत शिविर में रह रहे एक शख्स ने कथित तौर पर आत्महत्या कर दी। मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मणिपुर में हिंसा से विस्थापित एक व्यक्ति की आत्महत्या के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार जिम्मेदार है। कांग्रेस का कहना है कि मणिपुर के लोग लगातार सरकार से उम्मीद खो रहे हैं और जिस व्यक्ति ने आत्मघाती कदम उठाया,उसके साथ भी ऐसा ही हुआ। मृतक की पत्नी का कहना था कि मेरे पति के आखिरी शब्द थे कि वो हम लोगों को दो वक्त का खाना तक नहीं जुटा पा रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मणिपुर प्रभारी गिरीश चोदनकर ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति ने राहत शिविर में आत्महत्या की, उसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है, क्योंकि उसने सरकार से उम्मीद खो दी थी। गिरीश ने रविवार को बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा में मृतक के परिवार से मुलाकात की।
जिला पुलिस का कहना था कि बिष्णुपुर जिले के सेरीकल्चर के क्वाक्टा में स्थित एक पूर्व-निर्मित घर में रह रहे अंगोम प्रेमकुमार ने कथित तौर पर आत्महत्या कर दी। शनिवार रात करीब 9:15 बजे उनका शव कमरे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव बरामद किया और इंफाल के लाम्फेल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान में शव परीक्षण करने के बाद रविवार को उसके अंतिम संस्कार के लिए परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।
परिवार को दो वक्त का खाना न दे पाने से निराश था
मृतक के परिवार के सदस्यों से मिलने के बाद गिरीश ने कहा कि यह पता चला है कि प्रेमकुमार ने सरकार से उम्मीद खो देने और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए कमाई का कोई रास्ता नहीं होने के कारण आत्महत्या कर ली। प्रेमकुमार के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं, एक 11 साल का लड़का और एक आठ साल की लड़की। गिरीश ने कहा कि यह घटना सरकार के लिए शांति वापस लाने और 14 महीने से अधिक समय से राहत शिविरों में रह रहे विस्थापितों के लिए कमाई के रास्ते उपलब्ध कराने के लिए आंखें खोलने वाली होनी चाहिए।
महिला ने रोते-रोते बताया, पति के आखिरी शब्द क्या थे
मृतक की पत्नी प्रेमी ने बताया, “मेरे पति के आखिरी शब्द थे, ‘बिना कमाई के मैं तुम्हें और अपने बच्चों को कोई खुशी नहीं दे पाऊंगा, हालांकि सरकार ने अस्थाई रहने के लिए जगह मुहैया करा दी है।” उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में स्थानांतरित होने के बाद उनके पति का मानसिक तनाव बढ़ गया और कोई कमाई नहीं हो पा रही थी। प्रेमकुमार चुराचंदपुर जिले में पेशे से राजमिस्त्री थे। हालाँकि, राज्य में हिंसा भड़कने और उनके विस्थापित होने के बाद, किसी ने भी उन्हें किसी भी काम पर नहीं रखा।
सोमवार को राहुल गांधी का दौरा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोमवार को प्रस्तावित दौरे से पहले मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ड्रोन के जरिए फोटोग्राफी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हिंसा प्रभावित राज्य में राहुल के एक दिवसीय दौरे की तैयारी के तहत कार्यकारी अध्यक्ष विक्टर कीशिंग और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मणिपुर प्रभारी गिरीश चूडांकर सहित कांग्रेस की राज्य इकाई के नेताओं के एक दल ने उन राहत शिविरों का निरीक्षण किया, जहां गांधी के जाने की संभावना है। ऐसी जानकारी है कि राहुल गांधी सोमवार को मणिपुर का दौरा करेंगे और जिरीबाम, चुराचांदपुर तथा इंफाल में हिंसा प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे। वह राज्य के लोगों के साथ पूरा दिन बिताएंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
