डेस्क : तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में रविवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कट्टानरपट्टी गांव के पास हुई इस घटना में कम से कम 21 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा कट्टानरपट्टी स्थित एक वैध लाइसेंस प्राप्त पटाखा निर्माण फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री के चार कमरे पूरी तरह ढह गए। घटना के समय करीब 30 मजदूर अंदर काम कर रहे थे।
रसायन मिलाने के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, पटाखा निर्माण में उपयोग होने वाले रसायनों को मिलाने के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी को विस्फोट का संभावित कारण माना जा रहा है। धमाका इतना तेज था कि कई शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है।
अवकाश के दिन भी जारी था काम
जानकारी के मुताबिक, यह फैक्ट्री मुथुमानिकम के स्वामित्व में संचालित थी। हालांकि रविवार को अवकाश घोषित था, इसके बावजूद इकाई में काम जारी रखा गया था। घटना के बाद शिवकाशी, सत्तूर और विरुधुनगर से दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन और पुलिस की निगरानी
विरुधुनगर के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दो मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं।
तमिलनाडु, विशेषकर विरुधुनगर और शिवकाशी क्षेत्र, देश में पटाखा उद्योग का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी चिंता का विषय रही हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
