मुंबई। तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी से सोमवार को मुंबई में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियां सकते में आ गई। इनमें एक फ्लाइट एअर इंडिया जबकि दो इंडिगो एयरलाइंस की थीं। एअर इंडिया की मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली फ्लाइट का रास्ता बदलकर दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई जबकि इंडिगो की दोनों फ्लाइटों को मुंबई में उड़ने से पहले अलग क्षेत्र में ले जाकर गहन जांच की गई। जांच में कुछ नहीं मिला।
फजलुद्दीन के अकाउंट से मिली धमकी
इंडिगो की मस्कट जाने वाली फ्लाइट ने करीब सात और जेद्दा जाने वाली फ्लाइट ने करीब 11 घंटे की देरी से गंतव्य के लिए उड़ान भरी। एअर इंडिया की फ्लाइट अब मंगलवार सुबह दिल्ली से न्यूयार्क के लिए उड़ान भरेगी। फजलुद्दीन नामक अकाउंट के जरिए विमानों और ट्रेन को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
बम की धमकी मिलने के बाद एअर इंडिया की फ्लाइट एआइ 119 की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजैंसी लैंडिंग कराई गई। एअर इंडिया की इस फ्लाइट में 239 यात्री और चालक दल के 19 सदस्य सवार थे। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट को अलग रनवे पर ले जाया गया। कई घंटों तक फ्लाइट की गहन जांच हुई। इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है।
बम की धमकी पर इंडिगो ने क्या कहा?
उधर, मुंबई से मस्कट के लिए रवाना हुई इंडिगो फ्लाइट 6ई 1275 और मुंबई से जेद्दा जा रही इंडिगो फ्लाइट 6ई 56 को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इंडिगो की दोनों उड़ानों में 280 यात्री सवार थे। हालांकि जांच के बाद दोबारा फ्लाइटों को अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
.jpg)
इंडिगो प्रवक्ता ने बताया कि जैसे ही इन दोनों विमानों को बम की धमकी मिली, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दोनों को तुरंत हवाई अड्डे से दूर अलग ले जाया गया। इसके बाद विमान की जांच हुई। हवाई अड्डे की सुरक्षा टीम, बम निरोधक दस्ते और अन्य जांच एजेंसियां ने विमान की जांच की। उसमें कुछ नहीं मिला। इंडिगो की ओर से कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
मुंबई-हावड़ा मेल को भी बम से उड़ाने की मिली धमकी
सोमवार को मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन को टाइमर बम से उड़ाने की धमकी मिली। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक, कंट्रोल रूम को सुबह करीब चार बजे धमकी भरा संदेश मिला। मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन (12809) को जलगांव स्टेशन पर रोककर जांच की गई। इसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हो गई।
गुजरात नेशनल ला यूनिवर्सिटी में बम की धमकी फर्जी निकली
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (जीएनएलयू) को भी बम की धमकी वाला एक ईमेल मिला था। इसके बाद पुलिस द्वारा परिसर की गहन जांच की गई और दावा फर्जी पाया गया। डीएसपी आरआई देसाई ने बताया कि जीएनएलयू रजिस्ट्रार के आधिकारिक आईडी पर रविवार शाम को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर में बम रखा गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
