मुंबई:राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट ने कहा है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में शरद पवार की ओर से आहूत कार्यसमिति की बैठक की कोई कानूनी वैधता नहीं है। वहीं, दिल्ली में एनसीपी की कार्यसमिति की बैठक के बाद शरद पवार ने गुरुवार को कहा, ”एनसीपी का अध्यक्ष मैं ही हूं।” अजित पवार के बहुमत होने के दावे पर शरद पवार ने कहा, ”सच सामने आ जायेगा।” अजित की ओर से एक बयान में कहा गया है, ”विभिन्न खबरों से पता चला है कि शरद पवार ने आज नई दिल्ली में एनसीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी/राष्ट्रीय कार्यसमिति/राष्ट्रीय पदाधिकारियों/राज्य पार्टी अध्यक्षों की बैठक बुलाई है।”
इसमें कहा गया, ”एनसीपी के निर्वाचित प्रतिनिधियों के बहुमत के साथ-साथ विभिन्न संगठनात्मक पदों पर काम करने वाले सदस्यों के भारी समर्थन से अजित पवार को 30 जून, 2023 को एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया है।” बयान में कहा गया है कि अजित ने निर्वाचन आयोग के समक्ष एक याचिका भी दायर की है जिसमें कहा गया है कि वह मूल एनसीपी का प्रतिनिधित्व करते हैं और इसलिए पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह उन्हें दिया जाए।”
मूल एनसीपी के प्रतिनिधित्व के बारे में एक सवाल को लेकर बयान में कहा गया है, ”यह निर्वाचन आयोग के विशेष अधिकार क्षेत्र में है और इसलिए जब तक इस संबंध में आयोग कोई फैसला नहीं ले लेता, पार्टी के भीतर किसी भी व्यक्ति के पास राष्ट्रीय कार्यकारिणी/राष्ट्रीय कार्यसमिति/राष्ट्रीय पदाधिकारियों/राज्य पार्टी अध्यक्षों की किसी भी बैठक को बुलाने का कोई अधिकार नहीं है।” बयान में कहा गया है, ”इसलिए, आज एनसीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी/राष्ट्रीय कार्यसमिति/राष्ट्रीय पदाधिकारियों/राज्य पार्टी अध्यक्षों की बैठक की कोई कानूनी वैधता नहीं है।” इसमें कहा गया है, ”तथाकथित राष्ट्रीय कार्यकारिणी/राष्ट्रीय कार्यसमिति/राष्ट्रीय पदाधिकारियों/राज्य पार्टी अध्यक्षों द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का कोई वैध कानूनी आधार नहीं होगा और यह पार्टी में किसी के लिए बाध्यकारी नहीं होगा।”
अजित पवार के रिटायरमेंट तंज पर शरद पवार का पलटवार
इससे पहले, गुरुवार को ही शरद पवार ने अजित पवार के रिटायरमेंट वाले बयान पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि चाहे वह 82 साल के हों या 92 साल के, वह अब भी प्रभावी हैं। पार्टी की कार्य समिति की बैठक के बाद बोलते हुए, जिसमें हाल ही में एकनाथ शिंदे सरकार से हाथ मिलाने वाले प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और नौ अन्य को निष्कासित करने के फैसले को मंजूरी दी गई, पवार ने यह भी कहा कि वह अब भी एनसीपी अध्यक्ष हैं। अजित पवार ने बुधवार को कहा था कि आपने मुझे सबके सामने एक खलनायक के रूप में पेश किया। मेरे मन में अब भी उनके (शरद पवार) लिए गहरा सम्मान है…लेकिन आप मुझे बताएं, आईएएस अधिकारी 60 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होते हैं…यहां तक कि राजनीति में भी – भाजपा नेता 75 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होते हैं। आप लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का उदाहरण देख सकते हैं…इससे नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का मौका मिलता है…आप (शरद पवार) हमें अपना आशीर्वाद दें।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

