डेस्क :ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस विभाग ने एक सरकारी इंजीनियर के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। छापेमारी के दौरान इंजीनियर के पास से करीब 2 करोड़ रुपये नकद, पांच बहुमंजिला इमारतें, 14 कीमती प्लॉट, और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी इंजीनियर की पहचान बैकुंठनाथ बेहरा, सहायक कार्यकारी अभियंता (आईटीडीए, बलिगुड़ा, कंधमाल) के रूप में हुई है। उन पर आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) रखने का आरोप है।
विजिलेंस विभाग ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें भुवनेश्वर, जाजपुर, बरिपदा और बलिगुड़ा जैसे इलाके शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान टीम को बैंक लॉकरों से भी भारी मात्रा में नकदी मिली, जिसकी कुल राशि करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और उसके परिवार के नाम पर कई रिहायशी और व्यावसायिक संपत्तियां दर्ज हैं। इनमें बहुमंजिला भवन, जमीन के प्लॉट और अन्य निवेश शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सोने के आभूषण, बैंक जमा और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
विजिलेंस विभाग ने बताया कि सभी संपत्तियों का मूल्यांकन तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत