डेस्क: पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को बर्बाद करने के लिए भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर का बड़ा कबूलनामा सामने आया था। उसने माना था कि भारती की कार्रवाई में आतंकी मसूद अजहर के परिवार के चिथड़े उड़ गए हैं। अब इस कबूलनामे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। आज उनके जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश के धार में उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के जवानों की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा, ये नया भारत है जो किसी परमाणु धमकी से नहीं डरता। इसी के साथ उन्होंने कहा, कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रो कर अपना हाल बताया है।
पीएम मोदी ने कहा, कल ही देश और दुनिया ने देखा है, फिर एक पाकिस्तानी आतंक ने रो-रो कर अपना हाल बताया है। ये नया भारत है। ये किसी की परमाणु धमाके से डरता नहीं है। घर में घुस के मारता है। उन्होंने कहा, देश भारत माता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमारी बहनों और बेटियों के सिन्दूर मिटा दिए। हमने ऑपरेशन सिन्दूर किया और आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया। हमारे बहादुर सशस्त्र बलों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। कल ही देश और दुनिया ने देखा कि एक और पाकिस्तानी आतंकवादी ने रोते-रोते अपना हाल बताया। यह नया भारत है। यह किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता।
पीएम मोदी ने आगे कहा, आज ही के दिन देश ने सरदार पटेल की फौलादी इच्छा शक्ति का उदाहरण देखा था। भारतीय सेना ने हैदराबाद को अनेकों अत्याचारों से मुक्त कराकर, उनके अधिकारों की रक्षाकर भारत के गौरव को पुन: स्थापित किया था। देश की इतनी बड़ी उपलब्धि को, सेना के इतने बड़े शौर्य को कई दशक बीत गए, कोई याद करने वाला नहीं था, लेकिन आपने मुझे मौका दिया, हमारी सरकार ने 17 सितंबर की हैदराबाद की घटना को अमर कर दिया। हमने भारत के एकता के प्रतीक इस दिन को हैदराबाद लिबरेशन डे के रूप में मनाने की शुरुआत की है।
लोगों से खास अपील
इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों से खास अपील भी की है। उन्होंने कहा, ये त्योहारों का समय है, और इसी समय हमें स्वदेशी का मंत्र याद रखना है और उसे अपने जीवन में उतारना है। मेरी 140 करोड़ देशवासियों से करबद्ध प्रार्थना है। आप जो भी खरीदें, वह हमारे देश में ही बना होना चाहिए। आप जो भी खरीदें, उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। आप जो भी खरीदें, उसमें मेरे हिंदुस्तान की मिट्टी की महक होनी चाहिए।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

