डेस्क : हरियाणा के पलवल जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें चार बदमाशों को काबू कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पलवल क्राइम ब्रांच (सीआईए) की टीम ने कार लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस से मुठभेड़ के दौरान बदमाश रोहित और रंजीत के पैर में गोली लग गई। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से दो अन्य आरोपियों अनुराग और पुष्पेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के वृंदावन के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित के खिलाफ लूट और डकैती के कई मामले पहले से दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे आरोपियों ने थथरी गांव निवासी मूलचंद से उसकी वैगनआर कार लूट ली थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी फरार होकर केसर के जंगल में छिप गए थे। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसके बाद सभी चारों आरोपियों को काबू कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

