नई दिल्ली: टेक्सटाइल मंत्रालय व राज्य सरकार के सहयोग से बनने वाले देश के सात पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रिजन्स एंड अपैरल (पीएम मित्रा) पार्क में नए उद्यमियों के लिए उत्पादन शुरू करना काफी आसान होगा। टेक्सटाइल मंत्रालय के मुताबिक इन सभी पार्क में प्लग एंड प्ले सुविधा होगी।
उद्यमी को सिर्फ मशीन लगाना होगा
प्लग एंड प्ले सुविधा के तहत उद्यमी को इन पार्क में भवन, पानी, बिजली, सड़क, ट्रांसपोर्टेशन सुविधा के साथ उत्पादन से जुड़े सभी नियम की मंजूरी पहले से मिलेगी। उद्यमी को उत्पादन के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने व उसकी मंजूरी के झंझट में नहीं पड़ना होगा। उद्यमी को सिर्फ मशीन लगाना होगा। इन पार्क में राज्य सरकार की तरफ से कई रियायत भी दी जाएंगी जिससे लागत में भी कमी आएगी।
केंद्र व राज्य सरकार पीएम मित्रा पार्क को विकसित करने के लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल्स (एसपीवी) का गठन करेंगे। केंद्र सरकार बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 500 करोड़ रुपए तक की सहायता देगी। पीएम मित्रा पार्क की खासियत को देखते हुए उद्यमी पार्क निर्माण के पूरा होने से पहले ही निवेश के लिए राज्य सरकार के साथ एमओयू कर रहे हैं। गत रविवार को मध्य प्रदेश के धार जिले के गंधवानी इलाके में पीएम मित्रा पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
मध्य प्रदेश के पीएम मित्रा पार्क में 6847 करोड़ के निवेश का एमओयू
टेक्सटाइल क्षेत्र के उद्यमियों ने धार के पीएम मित्रा पार्क में 6847 करोड़ के निवेश का समझौता राज्य सरकार के साथ किया है। टेक्सटाइल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से मध्य प्रदेश में कपास की खेती बढ़ने के साथ यहां के महिलाओं व युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेंगे।
देश में सात पीएम मित्रा पार्क का निर्माण किया जाना है। मध्य प्रदेश के साथ गुजरात व कर्नाटक में भी पार्क का निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है। जल्द ही, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र में पीएम मित्रा पार्क का निर्माण कार्य आरंभ होने की उम्मीद है। केंद्र के अनुमान के मुताबिक इन सात पार्क में 70,000 करोड़ रुपए के निवेश होंगे और 20 लाख लोगों को रोजगार मिलेंगे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

