डेस्क:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर यूक्रेन जंग खत्म करने के लिए आखिरी मोहलत दी है। इस दौरान ट्रंप ने पुतिन के लिए नई डेडलाइन भी सेट कर दी है। ट्रंप ने कहा है कि वह अब पुतिन को 50 दिन का वक्त नहीं देंगे और रूस के पास यूक्रेन पर हमलों को रोकने के लिए महज 10 से 12 दिन का समय है। ट्रंप ने कहा है कि वह पुतिन से बेहद निराश हो चुके हैं और उनसे बातचीत नहीं करना चाहते।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को स्कॉटलैंड में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैंने पुतिन से बहुत बात की है। कई बार हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही थी। मुझे जैसे ही लगता था कि मामला सुलझा गया है, तभी राष्ट्रपति पुतिन किसी शहर में रॉकेट दागना शुरू कर देते हैं और किसी नर्सिंग होम या किसी और जगह पर लोगों को मार देते हैं।”
ट्रंप ने आगे कहा कि वे पुतिन से बेहद निराश हैं। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रपति पुतिन से बहुत निराश हूं। उनसे बहुत निराश हूं। मैंने उन्हें जो 50 दिन दिए थे, मैं उन्हें कम कर रहा हूं क्योंकि मुझे लगता है कि मुझे पहले से ही पता है कि आगे क्या होने वाला है।” ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “मैं आज से लगभग 10 या 12 दिन की नई डेडलाइन तय करने जा रहा हूं। इंतजार करने का कोई मतलब नहीं है। हमें बस कोई प्रगति होती नहीं दिख रही है।”
इससे पहले ट्रंप ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर रूस ने 50 दिनों के अंदर यूक्रेन पर हमला नहीं रोका तो अमेरिका रूस पर 100 फीसदी टैरिफ लगा देगा। इस बीच ट्रंप ने यूक्रेन की मदद के लिए पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम देने का भी ऐलान किया था। हालांकि रूस ने ट्रंप के अल्टीमेटम पर जवाब देते हुए कहा था कि रूस इसे सिरे से खारिज करता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

