डेस्क : अभिनेता सैफ अली खान अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। वह जहां किसी के काम की तारीफ करते हैं तो खुलकर करते हैं, वहीं पसंद न आने वाली बातों पर भी अपनी राय स्पष्ट रखते हैं। हाल ही में सैफ ने धुरंधर में रणवीर सिंह के अभिनय और फिल्म के प्रभाव की जमकर तारीफ की है। उनका कहना है कि इस फिल्म की रिलीज के बाद भारतीय सिनेमा में एक बदलाव देखने को मिला है।
‘धुरंधर’ से पहले और बाद का दौर देखा: सैफ
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत के दौरान जब सैफ से उनकी फिल्मों और स्क्रिप्ट चयन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि समय के साथ सिनेमा की सोच बदल रही है। उन्होंने कहा, “मैंने धुरंधर से पहले और बाद का समय देखा है। अब यह हम पर निर्भर करता है कि हम आगे बढ़ते हैं या नहीं और नई चीजों को अपनाते हैं या नहीं।”
सैफ ने कहा कि हर फिल्म के लिए अलग-अलग संगीत तैयार करने की बजाय बेहतर और प्रभावशाली संगीत बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दुनियाभर की चीजों को अपनाने और अंग्रेजी भाषा या वैश्विक प्रभावों से डरने की जरूरत नहीं है।
‘शरारत’ गाने की भी की चर्चा
सैफ ने फिल्म के चर्चित गाने ‘शरारत’ का भी जिक्र किया। उन्होंने गाने की प्रस्तुति और इसके नए अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयोग मनोरंजन की दुनिया में बदलाव का संकेत हैं।
उन्होंने कहा कि अगर इस गाने को केवल एक सामान्य प्रस्तुति के रूप में देखा जाए और इसमें कलाकारों को शादी समारोह जैसी ऊर्जा के साथ परफॉर्म करते हुए देखा जाए तो यह बिल्कुल भी अजीब नहीं लगता। सैफ ने यह भी कहा कि ऐसे प्रयोग भविष्य में फिल्मों में कलाकारों की भूमिका और प्रस्तुति के तरीके को बदल सकते हैं।
‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर बनाया रिकॉर्ड
बता दें कि ‘धुरंधर’ के दो भाग रिलीज हुए थे। पहला भाग दिसंबर 2025 में और दूसरा भाग मार्च 2026 में रिलीज हुआ। दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म के दोनों भागों की कुल कमाई करीब 3100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आए हैं।
इन फिल्मों में दिखेंगे सैफ
वर्क फ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान हाल ही में कर्तव्य में नजर आए थे। क्राइम थ्रिलर इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों की सराहना मिली। आने वाले समय में वह पीरियड ड्रामा हम हिंदुस्तानी और हैवान में दिखाई देंगे। ‘हैवान’ में सैफ अली खान और अक्षय कुमार करीब दो दशक बाद फिर साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत