नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इन बैठकों को संगठनात्मक बदलाव, मंत्रिमंडल विस्तार और विकास परियोजनाओं की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने यूपी में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री से राय-मशविरा किया है। केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही इस संबंध में घोषणा कर सकता है।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की प्रगति से उन्हें अवगत कराया और उद्घाटन के लिए समय भी मांगा। ज्ञात हो कि इसका शिलान्यास नवंबर 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया था। इसके अलावा नोएडा फिल्म सिटी और लखनऊ के पीएम मेगा टेक्सटाइल पार्क के शिलान्यास को लेकर भी समय निर्धारित करने का अनुरोध किया गया।
योगी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा—”विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।”
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी उनके आवास पर भेंट की। यह मुलाकात प्रदेश संगठन को लेकर मानी जा रही चर्चाओं के बीच हुई है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निवास पर अमित शाह, जेपी नड्डा और पीयूष गोयल के साथ एक अहम बैठक हुई थी। गोयल उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक भी हैं।
अधिकारिक रूप से भले ही इन बैठकों को संसद सत्र की रणनीति से जोड़ा गया हो, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा के आगामी सांगठनिक बदलावों की पूर्व तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

