पटना:बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर वार पलटवार और आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। एनडीए और इंडिया गठबंधन के नेता एक दूसरे को राजनैतिक पटखनी देने में पूरी उर्जा से लगे हैं। गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव नें लगातार दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया। तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि आप संविधान और लोकतंत्र को समाप्त क्यों करना चाहते है? बुधवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और नीतीश सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इंडिया गठबंधन पर यही आरोप लगाया था। मंगलसूत्र वाले बयान पर ट्वीट करके तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी से पांच सवाल बुधवार को पूछा था।
गुरुवार को पटना में जारी बयान में उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि आप दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों का आरक्षण एवं नौकरी क्यों छिनना चाहते है?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि वे गरीब को और अधिक गरीब तथा अमीर को और अधिक अमीर क्यों बनाना चाहते है? वहीं, बिहार से जोड़कर यह भी कहा कि बिहार ने आपको 40 में से 39 सांसद दिए लेकिन आपने 10 वर्षों में बिहार को क्या दिया? आप बिहार आकर काम की बात क्यों नहीं करते?
इससे पहले तेजस्वी यादव ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट डाला। तेजस्वी ने कहा कि मोदी जी की वहज से महंगाई के दौर में लोग पुश्तैनी संपत्ति बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों का सुहाग छिनने वाले अपनी उपलब्धियां (अगर है तो) गिनाने की बजाय वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए अब मंगलसूत्र के बारे में बातें कर रहे है। हमारी माताएँ बहने मंगलसूत्र किस लिए पहनती है? अपने सुहाग के लिए ना? मंगलसूत्र सुहाग की निशानी है। अब बताइए हमारे देश की माताओं-बहनों का सुहाग कौन छीन रहा है?
तेजस्वी यादव ने पीएम से ये पांच सवाल पूछे।
. पुलवामा में के जिन जवानों ने शहादत दी, उनका सुहाग मोदी सरकार ने छिना। उन्हें शहीद का दर्जा तक नहीं दिया?
. चीन ने हमला किया, उसमें सेना के जवान शहीद हुए उनका सुहाग मोदी सरकार ने छिना। बोले, हमारी सीमा में कोई नहीं घुसा है?
. नोटबंदी के तानाशाही फैसले के कारण बैंकों की लाइनों में जो मरे, उनके सुहाग किसने छिने?
. किसानों ने किसान आंदोलन में जो शहादत दी? वो किसके सुहाग थे, उन माताओं- बहनों का सुहाग और मंगलसूत्र किसने छीना?
. बेरोज़गारी, गलत कृषि नीति और बदहाल अर्थव्यवस्था के कारण जिन लाखों किसानों, युवाओं और व्यापारियों ने आत्महत्याएं की, उनका सुहाग मोदी जी किसकी वजह से छीना गया?
उधर सम्राट चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस की मंशा संविधान दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के लिए निर्धारित आरक्षण को कम कर उसे मुसलमानों को देने का है। बुधवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये वही लालू प्रसाद हैं जिन्होंने 2001 में बिना आरक्षण दिए पंचायत चुनाव कराकर ओबीसी की हकमारी की। यूपीए-एक की सरकार बनते ही 2004 में आंध्रप्रदेश में एससी, एसटी,ओबीसी की हकमारी कर तुष्टीकरण के लिए मुसलमानों को आरक्षण देने का प्रयास किया था। मगर सुप्रीम कोर्ट की सजगता की वजह से सफलता नहीं मिली थी।
बाद के वर्षों में भी कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी की हकमारी कर उनके हिस्से का आरक्षण मुसलमानों को देने का कई बार कोशिश कर चुकी है। कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की इस साजिश को उजागर किया है तो विपक्षी गठबंधन के नेताओं को मिर्ची लगी है और वे मोदी को गाली देने की होड़ लगा रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
