डेस्क: सीनियर एक्ट्रेस जया बच्चन हमेशा से अपने बेबाक विचारों के लिए जानी जाती रही हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने शादी के कॉन्सेप्ट पर खुलकर अपनी राय रखते हुए कहा कि आज के समय में उन्हें यह पूरी तरह आउटडेटेड लगता है। जया बच्चन ने यहां तक कहा कि वह नहीं चाहेंगी कि उनकी पोती नव्या नवेली नंदा शादी करे, क्योंकि उनकी नजर में जिंदगी को खुलकर और खुशी से जीना कहीं ज्यादा जरूरी है।
जया बच्चन के अनुसार, रिश्ते में शारीरिक आकर्षण और तालमेल उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितना कि भावनात्मक जुड़ाव। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी राय कुछ लोगों को आपत्तिजनक लग सकती है, लेकिन उनका मानना है कि जिंदगी को लेकर अपनी सोच ईमानदारी से रखना जरूरी है।
“शादी उनकी सबसे बड़ी गलती थी” — जया बच्चन का बयान
‘वी द वीमेन’ के साथ बातचीत में जब जया बच्चन से पूछा गया कि क्या अमिताभ बच्चन भी शादी के बारे में ऐसा ही सोचते हैं, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया—
“मैंने उनसे पूछा नहीं। वो शायद कहें कि यह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी, लेकिन मैं यह सुनना नहीं चाहती।”
जया बच्चन ने यह भी माना कि भले ही आज उनकी सोच शादी को लेकर बदल चुकी है, लेकिन जब वह युवा थीं, तब उन्हें अमिताभ बच्चन से पहली ही नजर में प्यार हो गया था।
“क्या पुराने जख्म कुरेदना जरूरी है?”
जब उनसे पूछा गया कि आखिर वह कौन-सा पल था जब उन्हें अमिताभ से प्यार हुआ, तो अभिनेत्री ने मुस्कुराते हुए कहा—
“क्या पुराने जख्म कुरेदना जरूरी है? मैं पिछले 52 साल से इस रिश्ते में हूं। इससे ज्यादा प्यार मैं नहीं कर सकती। अगर मैं कहूंगी कि शादी मत कीजिए, तो लोग कहेंगे मैं आउटडेटेड हूं।”
बता दें कि जया और अमिताभ बच्चन की पहली मुलाकात ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर हुई थी। बाद में ‘एक नजर’ की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और इसी प्यार ने शादी का रूप ले लिया।
52 साल बाद भी जया बच्चन अपने रिश्ते को प्यार, संघर्ष और सच्चाई की मिली-जुली यात्रा बताती हैं—एक ऐसी यात्रा जिसे वह आज भी सम्मान से जी रही हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
