डेस्क: पेंशनभोगियों के लिए हर साल जीवन प्रमाणपत्र (Jeevan Pramaan) जमा करना अनिवार्य होता है। इस साल भी यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 80 साल से अधिक आयु वाले पेंशनधारक 30 नवंबर तक जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं, जबकि 60 से 80 साल तक के वरिष्ठ नागरिक 1 से 30 नवंबर के बीच इसे जमा कर सकते हैं। यह काम अब घर बैठे ऑनलाइन या डाकिए की मदद से आसानी से किया जा सकता है।
जीवन प्रमाणपत्र क्यों जरूरी है
जीवन प्रमाणपत्र एक बायोमेट्रिक आधारित डिजिटल दस्तावेज है, जो केंद्र और राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके जरिए यह पुष्टि होती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है। प्रमाणपत्र एक साल के लिए वैध होता है और इसे हर साल नवंबर तक जमा करना अनिवार्य है। यदि समय पर जमा नहीं कराया गया तो दिसंबर से पेंशन मिलने में रुकावट आ सकती है। बाद में जमा करने पर बकाया पेंशन भी खाते में आ जाती है।
कहां करें संपर्क
पेंशनधारक जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए संबंधित बैंक या डाकघर का आधिकारिक ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी जीवन प्रमाण सेंटर, बैंक या कॉमन सर्विस सेंटर जाकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है। पंजीकरण के लिए आधार, बैंक ब्योरा, PPO नंबर और मोबाइल नंबर देना होता है।
ऐप से रजिस्ट्रेशन कैसे करें
- Jeevan Pramaan ऐप डाउनलोड कर ‘New Registration’ पर क्लिक करें।
- आधार नंबर, नाम, बैंक अकाउंट नंबर, PPO और मोबाइल नंबर भरें।
- ‘Send OTP’ पर क्लिक करें और प्राप्त OTP दर्ज करें।
- आधार से जुड़े बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट या आईरिस) से पहचान की पुष्टि करें।
- सफल जमा के बाद आपको Jeevan Pramaan ID प्राप्त होगी।
ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र कैसे जनरेट करें
- Pramaan ID बनने के बाद ऐप में लॉगिन करें।
- ‘Generate Jeevan Pramaan’ विकल्प चुनें, आधार और मोबाइल नंबर डालें।
- OTP दर्ज करें और पीपीओ नंबर सहित अन्य जानकारी भरें।
- ऐप चेहरा स्कैन करने की अनुमति मांगेगा, अनुमति दें और निर्देशों के अनुसार प्रोसीड करें।
- अंतिम चेहरा स्कैन करने के बाद जीवन प्रमाण ID मिलेगी।
- प्रमाणपत्र डाउनलोड करें और मोबाइल पर प्राप्त पुष्टिकरण SMS देखें।
डाकिए से घर बैठे जमा करें
डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के माध्यम से डोर-स्टेप सेवा शुरू की है। पेंशनधारक के अनुरोध पर निकटतम डाकिया घर आएगा और जीवन प्रमाणपत्र जारी करेगा। इस सेवा के लिए 70 रुपये का भुगतान करना होगा।
अनुरोध कैसे करें
- IPPB की वेबसाइट के माध्यम से डाकिए को घर बुलाने का अनुरोध करें।
- मोबाइल ऐप के जरिए सुविधा पाने के लिए PostInfo App डाउनलोड करें।
सावधानियां
- आधार नंबर, OTP और बायोमेट्रिक किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
- सत्यापन हमेशा विश्वसनीय सेंटर पर ही कराएं।
- केवल आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें।
- किसी कॉल या मैसेज पर दिए लिंक पर क्लिक न करें।
- सार्वजनिक वाई-फाई या साइबर कैफे का इस्तेमाल न करें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
