डेस्क : गुजरात के सूरत में मंगलवार को एक तीन मंजिला घर में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आग इतनी तेजी से फैल गई कि उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्चा
पुलिस ने बताया कि घटना लिंबायत पुलिस थाना क्षेत्र के मीठी खाड़ी इलाके में पूर्वाह्न करीब 10 बजे हुई। घर के अंदर परिवार के लोग फोम शीट का उपयोग करके साड़ियों की पैकिंग कर रहे थे। मरने वालों में 65 वर्षीय शहनाज बेगम अंसारी, 28 वर्षीय शबीना अंसारी, 19 वर्षीय परवीन अब्दुल अंसारी, 18 वर्षीय हुसा बेगम अंसारी और 4 वर्षीय सुभान अली अंसारी शामिल हैं।
परिवार की महिलाएं मूल रूप से यूपी की निवासी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर बलराम मीणा के अनुसार, यह परिवार बाहर से साड़ियां और पैकेजिंग का सामान मंगाकर घर में पैकिंग का काम करता था। घर में अत्यधिक मात्रा में साड़ियां और पैकिंग सामग्री भरी हुई थी। हादसे के समय महिलाएं और बच्चा घर पर थे, जबकि पुरुष बाहर काम पर गए हुए थे।
आग फैलने का कारण: शॉर्ट सर्किट की संभावना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फोम से भरे बोरे और साड़ियों में आग लगते ही महिलाएं डर के मारे पीछे के कमरे में चली गईं। फोम में मौजूद रसायनों से निकली जहरीली गैस के कारण चार महिलाएं और एक बच्चा दम घुटने से मृत हो गए। दमकल और इमरजेंसी सेवाओं के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी गंभीर रूप से जख्मी हो चुके थे। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस का अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, लेकिन जांच जारी है और आग लगने का वास्तविक कारण सामने आना बाकी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

