मुंबई:महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य में पार्टी के विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट (Balasaheb Thorat) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले के साथ चल रही खटपट के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है। एक दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर इस बात से अवगत कराया था। उन्होंने नाना पटोले पर उनके खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि ऐसी स्थिति में वे काम नहीं कर पाएंगे।
इंडियन एक्सप्रेस ने बताया कि थोराट के करीबीयों ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को भेजे गए अपने पत्र के साथ इस्तीफा पार्टी नेतृत्व को भेज दिया है। थोराट ने कहा कि वह हाल ही में हुए नासिक विधान परिषद के चुनाव के सिलसिले में पार्टी के अंदर हुई राजनीति से परेशान थे। नासिक विधान परिषद के चुनाव में सत्यजीत तांबे निर्दलीय चुनाव लड़कर जीते थे। सत्यजीत तांबे और थोराट रिश्तेदार हैं। उस समय तांबे ने कांग्रेस पर उनके परिवार और बालासाहेब थोराट को बदनाम करने का आरोप भी लगाया था।
थोराट ने अपने पत्र में यह भी कहा था कि पटोले उनके प्रति काफी गुस्सा रखते हैं इसलिए उनके साथ काम करना कठिन होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि फैसले लिए जाते समय उनसे सलाह नहीं ली जाती है। थोराट ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उनका अपमान किया और तांबे के चुनाव लड़ने के मुद्दे पर उनके परिवार के खिलाफ बयान दिए गए। उन्होंने कहा कि अहमदनगर के कुछ नेताओं को इस मुद्दे पर दंडित किया गया है। पटोले ने 26 जनवरी को कांग्रेस की अहमदनगर जिला समिति को भंग कर दिया था। उन्होंने इसमें पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया था। खबरों के अनुसार इसके कुछ सदस्यों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के बजाय सत्यजीत तांबे के लिए प्रचार किया था।
नाना पटोले ने भी दी प्रतिक्रिया
उधर, नाना पटोले ने भी थोराट के पत्र को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके पास फिलहाल थोराट के पत्र की कोई जानकारी नहीं है। पटोले ने कहा कि उनके पास इस्तीफे को लेकर कोई पत्र नहीं आया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

