डेस्क : तमिलनाडु की राजनीति में ‘सिनेमा’ और ‘सियासत’ का जुड़ाव नई मोड़ पर है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) को गठबंधन का खुला प्रस्ताव दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने विजय के सामने उपमुख्यमंत्री पद और 80 सीटों का ऑफर रखा है।
बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि विजय के विशाल फैनबेस को अपने साथ जोड़कर एनडीए राज्य के चुनावी नतीजों को पूरी तरह बदल सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि तमिलनाडु के कड़े मुकाबले में महज 2 प्रतिशत वोटों का अंतर भी जीत और हार का निर्णय कर सकता है।
पर्दे के पीछे की राजनीति
सूत्रों के अनुसार, इस गठबंधन के लिए एक दूसरे राज्य के उपमुख्यमंत्री मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं और विजय के साथ बातचीत का रास्ता आसान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभिनेता विजय की नजर मुख्यमंत्री पद पर है, जो वर्तमान बातचीत में सबसे बड़ा ‘स्पीड ब्रेकर’ माना जा रहा है।
विजय के खेमे में उहापोह
विजय के करीबी सलाहकारों के बीच इस गठबंधन को लेकर चिंता है। विजय ने अपनी राजनीति की शुरुआत एक ‘तीसरे विकल्प’ और स्वतंत्र शक्ति के रूप में की थी। सलाहकार मानते हैं कि इतनी जल्दी राष्ट्रीय गठबंधन का हिस्सा बनने से उनकी नई और अलग राजनीति की छवि प्रभावित हो सकती है।
तमिलनाडु की राजनीति पर संभावित असर
यदि यह गठबंधन साकार होता है, तो राज्य की राजनीति में त्रिकोणीय मुकाबला या नए ध्रुवीकरण का रास्ता बन सकता है। अब तक राज्य की राजनीति द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है। विजय और बीजेपी का साथ आने से दोनों स्थापित क्षेत्रीय दलों के लिए यह एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

