डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से तनातनी के बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की। इस बातचीत के बाद पीएम मोदी ने संकेत दिया कि राष्ट्रपति लूला शीघ्र ही भारत दौरे पर आने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक लूला दा सिल्वा 19 से 21 फरवरी के बीच भारत की यात्रा कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ के संदर्भ में यह संवाद खास महत्व रखता है। ट्रंप प्रशासन ने जिन दो देशों पर सबसे अधिक शुल्क लगाया है, उनमें भारत और ब्राजील शामिल हैं। अमेरिका दोनों देशों से आयातित कई उत्पादों पर करीब 50 प्रतिशत तक टैरिफ वसूल रहा है।
द्विपक्षीय रिश्तों और बहुपक्षवाद पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच हुई बातचीत में भारत–ब्राजील द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने साझा वैश्विक चुनौतियों से निपटने में बहुपक्षवाद की भूमिका को अहम बताया। मामले से परिचित लोगों के अनुसार, लूला ने पीएम मोदी से फोन पर आगामी ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने और फरवरी में प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक को लेकर चर्चा की। इस दौरान उनकी 19–21 फरवरी की नई दिल्ली यात्रा की संभावनाओं पर भी बात हुई।
पीएम मोदी का बयान
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,
“राष्ट्रपति लूला से बात करके खुशी हुई। हमने भारत–ब्राजील रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की, जो आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए हमारा घनिष्ठ सहयोग अत्यंत आवश्यक है। मैं जल्द ही भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं।”
ब्रिक्स और ग्लोबल साउथ की भूमिका
भारत और ब्राजील, दोनों ही ब्रिक्स समूह के प्रमुख सदस्य हैं। इससे पहले अगस्त 2025 में राष्ट्रपति लूला ने 2026 की शुरुआत में भारत की राजकीय यात्रा की पुष्टि की थी। उस समय वह ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ के जवाब में ब्रिक्स देशों को एकजुट करने की कोशिशों में जुटे थे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत के पास है।
अपने दूसरे कार्यकाल में राष्ट्रपति ट्रंप ने लगातार ब्रिक्स समूह और उसके सदस्य देशों को निशाने पर रखा है। उनका आरोप है कि यह समूह राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देकर अमेरिकी डॉलर की स्थिति को कमजोर करना चाहता है। इसी पृष्ठभूमि में भारत और ब्राजील पर सख्त टैरिफ लगाए गए हैं, जिससे वैश्विक व्यापार और कूटनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

