झांसी। UP के पांचवें चरण के मतदान में झांसी-ललितपुर के वोटर फर्स्ट डिवीजन के आंकड़े के साथ सबसे आगे रहे। इस सीट पर ललितपुर में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां तीन गांव सौलदा, बुधनी नाराहट, बम्हौरी नागल में 100 फीसदी वोट पड़े। ललितपुर जिले के इन गांवों ने इतिहास रच दिया। लोगों के लिए मिशाल पेश की। खास बात यह रही कि एक गांव में एक वोट कम पड़ रहा था। एक मतदाता बेंगलुरु में था। उस मतदाता से संपर्क साधा गया। उसे ऑफिस से छुट्टी दिलाई गई और बेंगलुरु से हवाई जहाज से बुलवाया गया। चर्चा है कि इसका खर्च प्रशासन ने उठाया है। हालांकि डीएम ने फ्लाइट के खर्च की बात से इनकार कर दिया है।
सोमवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही ज्यादातर बूथों पर लंबी कतारें लग गई थीं। पहले दो घंटे में जालौन-गरौठा को छोड़कर बाकी सीटों पर औसतन 14 फीसदी वोट पड़ चुके थे। झांसी-ललितपुर के मतदाता बांदा-चित्रकूट के मतदाताओं से शुरू में थोड़ा पीछे रहे पर फिर ऐसा आगे निकले कि बनी बढ़त आखिर तक बरकरार रखी। सुबह 11 बजे तक जब बाकी सीटों पर 28 फीसदी के आसपास वोट पड़े तब झांसी-ललितपुर में 30 प्रतिशत मतदान हो चुका था। दोपहर एक बजे तक बाकी सीटों पर 40 फीसदी के आसपास वोटिंग हुई तब झांसी-ललितपुर 43 फीसदी का आंकड़ा पार कर चुका था। अपराह्न तीन बजे तब बाकी सीटों के 47-48 फीसदी वोटर निकले तो झांसी में 52 फीसदी से ऊपर वोटिंग हो चुकी थी। पांच बजे झांसी-ललितपुर के मतदाता फर्स्ट डिवीजन पास हो चुके थे। इस सीट पर छह बजे के बाद भी कई मतदान केंद्रों पर लाइनें लगी रहीं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

