स्पोर्ट्स डेस्क : महिला टी-20 विश्व कप से ठीक पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास आत्मविश्वास बढ़ाने का सुनहरा अवसर है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टी-20 मुकाबले में सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
तीन मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन से जीत दर्ज की थी, लेकिन दूसरे टी-20 में इंग्लैंड ने वापसी करते हुए भारत को 26 रन से हराकर श्रृंखला बराबर कर दी। ऐसे में टॉनटन में होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा के साथ-साथ विश्व कप से पहले मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने का अवसर भी होगा।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष और कप्तान हरमनप्रीत कौर से एक बार फिर बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। पहले मैच में जेमिमा रोड्रिग्स और यास्तिका भाटिया ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था।
हालांकि दूसरे मुकाबले में मध्यक्रम दबाव में बिखर गया था, जिसे निर्णायक मैच से पहले भारतीय टीम की सबसे बड़ी चिंता माना जा रहा है। गेंदबाजी विभाग में दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह और नंदनी शर्मा पर जिम्मेदारी होगी कि वे इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका न दें।
दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगी। दूसरे टी-20 में फ्रीया केम्प और स्पिन गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने मेजबान टीम को श्रृंखला में वापसी कराई थी। इंग्लैंड चाहेगा कि वही लय निर्णायक मुकाबले में भी बरकरार रहे।
दोनों टीमों के लिए यह श्रृंखला आगामी महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज कर विश्व कप से पहले सकारात्मक संदेश देने की कोशिश रहेगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत