डेस्क:भाजपा के पूर्व सांसद और दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी सीट से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में बिधूड़ी यह कहते नजर आ रहे हैं कि “कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसी बना देंगे।”
भाजपा ने हाल ही में बिधूड़ी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कालकाजी सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। यह बयान एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान दिया गया, जहां बिधूड़ी माइक पर बोलते हुए इस टिप्पणी को करते नजर आए।
कांग्रेस और आप ने की निंदा
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा की महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता का उदाहरण बताया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “इस तरह के बयान सभी महिलाओं का अपमान हैं। भाजपा को रमेश बिधूड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब रमेश बिधूड़ी विवादों में घिरे हैं। 2023 में दक्षिणी दिल्ली से सांसद रहते हुए उन्होंने संसद में बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस घटना को लेकर संसद में हंगामा हुआ था और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बिधूड़ी के बयान को कार्यवाही से हटाने का आदेश दिया था।
बाद में रमेश बिधूड़ी ने माफी मांगी थी, लेकिन उनका यह बयान लंबे समय तक चर्चा में रहा।
“लोकतंत्र को कलंकित किया”: दानिश अली
कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद दानिश अली ने रमेश बिधूड़ी को टिकट देने पर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा, “यह शर्मनाक है। भाजपा ने बिधूड़ी को कालकाजी से उम्मीदवार बनाकर साबित कर दिया है कि उसे लोकतांत्रिक शिष्टाचार से कोई सरोकार नहीं है। यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ा कलंक है।”
अली ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रही है और ऐसे नेताओं को पुरस्कृत कर रही है, जो असंवेदनशील बयानबाजी करते हैं।
भाजपा की सफाई का इंतजार
इस पूरे मामले पर भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, रमेश बिधूड़ी का यह बयान चुनावी माहौल में नया विवाद खड़ा कर सकता है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

