नई दिल्ली: किसान आंदोलन पर विवादित टिप्पणी करने के बाद घिरीं कंगना रनौत ने आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। वह उनके आवास पर मीटिंग के लिए पहुंचीं। हाल ही में शीर्ष नेतृत्व ने कंगना को नीतिगत मामलों पर बोलने से मना किया था और भविष्य में ऐसे किसी भी बयान से बचने की हिदायत दी थी। भाजपा ने भी कंगना के बयान से खुद को अलग कर लिया था, जिसे कंगना के लिए एक चेतावनी के रूप में देखा गया।
गौरतलब है कि विवादित टिप्पणी के बाद यह दूसरा मौका है जब कंगना ने भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात की। उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में निरस्त किए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन पर विवादित टिप्पणी की थी। एक साक्षात्कार में कंगना ने कहा था कि पंजाब में किसान आंदोलन के नाम पर हिंसा हो रही थी, और वहां बलात्कार व हत्याओं की घटनाएं हो रही थीं। इस साक्षात्कार की एक क्लिप को उन्होंने ‘एक्स’ पर भी साझा किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर देश का नेतृत्व मजबूत नहीं होता, तो भारत में भी ‘बांग्लादेश जैसी स्थिति’ उत्पन्न हो सकती थी।
कंगना ने यह भी दावा किया था कि किसानों के प्रदर्शन के दौरान ‘लाशें लटकी थीं और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही थीं’ और इस ‘षड्यंत्र’ में चीन और अमेरिका का हाथ होने का आरोप लगाया। उनकी इस टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद भाजपा ने उनके बयान से असहमति जताई और कंगना को भविष्य में ऐसे बयान देने से मना किया। इसके बाद, कांग्रेस ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में कंगना के विचारों से असहमत है, तो उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

