लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 का एक महीना आज पूरा हो गया है। पिछले एक महीने में सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने और आम आदमी की बेहतरी के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। योगी सरकार की इस तेजी को कुछ लोग मिशन 2024 से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ कह रहे हैं कि पिछले कार्यकाल में भी सीएम योगी ने इसी तेजी से काम किया जिसका नतीजा 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा प्रचंड बहुमत के रूप में देखने को मिला है। सरकार एक बार फिर उसी जोश के साथ आगे बढ़ चली है।
1-कमान संभालते ही किया मुफ्त राशन योजना का विस्तार
योगी आदित्यनाथ ने दोबारा यूपी की कमान सम्भालते ही सबसे पहले अगले तीन महीने के लिए मुफ्त राशन योजना के विस्तार का फैसला लिया। कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगने के बाद उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा।
2-निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिश
सरकार पहले ही दिन से प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने में जुटी है। कहा गया कि अगले दो साल के अंदर प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होगी जिसका लक्ष्य 10 लाख करोड़ रुपए निवेश का होगा।
3-भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान
अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में ही योगी आदित्यनाथ ने संदेश देने की कोशिश की है कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार, लापरवाही और जनहित की अनदेखी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। शुरुआत में ही डीएम सोनभद्र और एसएसपी गाजियाबाद के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करके सरकार ने इसका संदेश भी दे दिया। इसके साथ ही पहले महीने में ही दो सौ करोड़ से ज्यादा की अवैध सम्पत्ति ध्वस्त या जब्त की गई है। इसमें 25 माफिया डीजीपी दफ्तर और आठ शासन की ओर से चिन्ह्ति किए गए थे।
4-पुलिस बल की मजबूती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस बल की मजबूती पर खासतौर पर ध्यान दे रहे हैं। उनके निर्देश पर पुलिस बल के लिए 86 राजपत्रित और 5295 अराजपत्रित नए पदों को शासन ने मंजूरी दी है।
5- सात से 15 मिनट में रिस्पांस करेगा सिस्टम
योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य की सभी तहसीलों में फायर टेंडर की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। इसके तहत शहरी क्षेत्र में अधिकतम सात मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 15 मिनट का रिस्पांस टाइम सुनिश्चित किया जाएगा।
6-महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान
प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वॉड को दोबारा शुरू कर दिया गया है। नवरात्रि के पहले दिन से महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
7-जनता दर्शन की वापसी
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री आवास पर एक बार फिर जनता दर्शन की शुरुआत कराई गई है। इसमें हर दिन सरकार के एक मंत्री की मौजूदगी हो रही है।
8-लगातार समीक्षा कर रहे हैं सीएम योगी
सीएम योगी लगातार जिलों का दौरा कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। इस क्रम में वह गोरखपुर, वाराणसी और मिर्जापुर का दौरा कर चुके हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

