डेस्क: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से एक प्रेरक खबर सामने आई है। यहां एक किसान ने महज 7 रुपये के टिकट से 1 करोड़ रुपये की लॉटरी जीत ली। विजेता किसान बलकार सिंह ने 24 दिसंबर को सरहिंद स्थित एक स्थानीय स्टॉल से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीदा था। संयोग से उसी दिन ड्रॉ हुआ, लेकिन बड़ी जीत की जानकारी कई दिनों बाद सामने आ सकी।
दरअसल, इस दौरान फतेहगढ़ साहिब में शहीदी समागम चल रहा था। बलकार सिंह जहां लंगर सेवा में व्यस्त थे, वहीं धार्मिक आयोजन के कारण लॉटरी स्टॉल भी कई दिनों तक बंद रहा। मजरी सोढियां गांव के निवासी बलकार सिंह पिछले करीब एक दशक से इसी स्टॉल से लॉटरी टिकट खरीदते आ रहे हैं। इससे पहले वे छोटी-छोटी रकम जीत चुके हैं, जिनमें एक बार 90 हजार रुपये का पुरस्कार भी शामिल है।
खेती-बाड़ी से अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले बलकार सिंह इस जीत को अपने विश्वास और धैर्य का फल मानते हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
पुरस्कार राशि का 10 प्रतिशत जरूरतमंदों के लिए
लॉटरी स्टॉल संचालक मुकेश कुमार बिट्टू ने बताया कि वे पिछले 45 वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके स्टॉल से पहले 10 लाख रुपये तक के इनाम वाले टिकट बिक चुके हैं, लेकिन एक करोड़ रुपये का जैकपॉट पहली बार यहीं से निकला है। नतीजे की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत बलकार सिंह को इसकी सूचना दी।
बलकार सिंह ने बताया कि वे इस रकम का इस्तेमाल अपनी खेती को आधुनिक और बेहतर बनाने में करेंगे। साथ ही, उन्होंने पुरस्कार राशि का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए दान करने का संकल्प भी लिया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
