कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई 20 अगस्त की वाद सूची के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश (CJI) डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ मंगलवार को ‘आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना और संबंधित मुद्दे’ शीर्षक वाले मामले की सुनवाई करेगी। कलकत्ता हाई कोर्ट ने हाल ही में मामले की जांच कोलकाता पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दी है। सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में जूनियर डॉक्टर के साथ रेप-मर्डर के मामले ने व्यापक विरोध प्रदर्शन को जन्म दिया है।
रेप और मर्डर केस को सीबीआई को सौंपते हुए हाई कोर्ट ने पाया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के तत्कालीन प्रिंसिपल डॉ संदीप घोष से इस मामले के संबंध में सबसे पहले पूछताछ की जानी चाहिए थी। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जांच पर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को भी कहा था। कोर्ट ने पूर्व प्रिंसिपल का बयान दर्ज करने में देरी पर भी सवाल उठाया और पूछा कि प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की चिंताओं को दूर करने के लिए राज्य सरकार क्या कर रही है। वहीं, अस्पताल में हुई तोड़फोड़ पर भी कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। हाई कोर्ट ने कहा था कि चिकित्सा सुविधा की तोड़फोड़ राज्य मशीनरी की पूर्ण विफलता थी। कोर्ट ने कहा था कि वह अस्पताल को बंद कर देगा और सभी को वहां से हटा देगा। कोर्ट ने कहा था, “हम अस्पताल को बंद कर देंगे। हम सभी को वहां से हटा देंगे। अस्पताल को बंद कर देंगे। वहां कितने मरीज हैं?”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

