डेस्क:भारत की सबसे बड़ी फैशन ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा ने अब क्विक कॉमर्स कारोबार में कदम रख लिया है। मिंत्रा ने अपनी नई सेवा ‘एम-नाउ’ (M Now) की शुरुआत की है, जिसके तहत 30 मिनट के भीतर ग्राहकों तक कपड़े और अन्य लाइफस्टाइल उत्पादों की डिलीवरी की जाएगी। कंपनी का यह दावा है कि यह सेवा ग्राहकों को तेज और बेहतर शॉपिंग अनुभव प्रदान करेगी। मिंत्रा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नंदिता सिन्हा के अनुसार, वर्तमान में बेंगलुरु में ऑपरेशन कर रहे ‘एम-नाउ’ का विस्तार आने वाले महीनों में देश के अन्य महानगरों और शहरों में किया जाएगा।
सेवा की खासियत
नंदिता सिन्हा ने कहा, “फैशन एक बेहद महत्वाकांक्षी कैटेगरी है, जिसमें ग्राहकों को विविध चयन की आवश्यकता होती है।” उन्होंने बताया कि ‘एम-नाउ’ को ग्राहकों के लिए सुविधाजनक और विविधतापूर्ण विकल्प देने के लिए तैयार किया गया है। उनका उद्देश्य यह है कि इस सेवा के माध्यम से ग्राहकों की खरीदारी की दुविधा को समाप्त किया जाए। ‘एम-नाउ’ के जरिए मिंत्रा अब फैशन और लाइफस्टाइल उत्पादों में ‘क्विक कॉमर्स’ के क्षेत्र में प्रवेश करने वाला पहला ब्रांड बन गया है। कंपनी का दावा है कि यह सेवा 30 मिनट से भी कम समय में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाएगी।
पूर्व सेवा और विस्तार योजना
मिंत्रा ने 2022 में ‘एम-एक्सप्रेस’ नामक एक एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की थी, जिसका उद्देश्य 24 से 48 घंटों के भीतर उत्पादों की डिलीवरी करना था। ‘एम-नाउ’ पर ग्राहकों को कई प्रमुख वैश्विक ब्रांड्स जैसे कि वेरो मोडा, मैंगो, टॉमी हिलफिगर, लेवी, ओनली, ओलाप्लेक्स, डायसन, अरमानी एक्सचेंज, फॉसिल, कैसो, मोकोबारा, हुडा ब्यूटी, मैक, बॉबी ब्राउन और एस्टी लॉडर जैसी कंपनियों के उत्पादों की खरीदारी का मौका मिलेगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

